‘गुंडाराज की वापसी असंभव, 2027 चुनाव में 2017 दोहराएगी भाजपा’, अखिलेश पर केशव मौर्य का पलटवार

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में दरार की अफवाहों के बीच, राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर कड़ा प्रहार किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूपी के उपमुख्यमंत्री मौर्य ने अखिलेश पर तंज कसते हुए उन्हें एसपी ‘बहादुर’ कहा और कहा कि बीजेपी के पास देश और प्रदेश दोनों में एक मजबूत संगठन और सरकार है। इसके साथ ही उन्होंने सपा के पीडीए फॉर्मूले (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्याक) पर निशाना साधते हुए इसे धोखा बताया।केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव, भाजपा की देश और प्रदेश दोनों जगह मज़बूत संगठन और सरकार है। सपा का PDA धोखा है। यूपी में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है, भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 दोहरायेगी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर चर्चा के बीच, मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के भीतर अंदरूनी कलह से तंग आ चुकी है। यह उपमुख्यमंत्री की एक टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आया है जिससे अटकलें लगाई जाने लगीं कि उत्तर प्रदेश सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है। हालाँकि, भाजपा ने इस चर्चा को खारिज कर दिया है। अखिलेश ने एक्स पोस्ट पर लिखा था कि भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में, उप्र में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है। तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम भाजपा दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वो अपने दल के अंदर कर रही है, इसीलिए भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है। जनता के बारे में सोचनेवाला भाजपा में कोई नहीं है। वहीं एक बयान में सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आपस में लड़ रही है। भाजपा सरकार अस्थिर है और सत्ता की लड़ाई में जनता त्रस्त है। भाजपा सरकार शिक्षकों का उत्पीड़न कर रही है। राजधानी लखनऊ में मकान तोड़ने का फैसला टाल दिया गया है। इससे साफ पता चलता है कि सरकार कमजोर हो गई है। इसी को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। अफवाहें 15 जुलाई को भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान एक बयान के बाद शुरू हुईं। मौर्य ने बैठक में कहा कि वह खुद को पहले भाजपा कार्यकर्ता और फिर उप मुख्यमंत्री मानते हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More