लोनावला में जलाशय में डूबे दो लापता बच्चों में से एक का शव बरामद

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

पुणे। पुणे के लोनावला क्षेत्र में भुशी बांध के पास एक जलाशय में अपने परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ बह गए दो लापता बच्चों में से एक का शव बचाव दल ने सोमवार को बरामद कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूसरे लापता बच्चे की तलाश जारी है। रविवार को इस क्षेत्र में भारी बारिश के कारण आए तेज पानी के बहाव में कुछ लोग बह गए। रविवार को हुई इस घटना के बाद बचाव दल ने 36 वर्षीय महिला और दो नाबालिग लड़कियों के शव बरामद किए थे। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस, नौसेना के गोताखोरों और अन्य बचाव दलों ने सोमवार को दो लापता बच्चों की तलाश फिर से शुरू की और दुर्घटनास्थल के पास एक जलाशय से मारिया अंसारी (9) का शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि दूसरे लापता बच्चे अदनान सबाहत अंसारी (4) की तलाश अभी भी जारी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों का एक समूह इस क्षेत्र में भारी बारिश के कारण आए पानी के तेज बहाव में बहता दिखाई दे रहा है। रविवार को एक खोजी दल ने जलाशय से शाहिस्ता लियाकत अंसारी (36), अमीमा आदिल अंसारी (13) और उमेरा आदिल अंसारी (8) के शव बरामद किए। पुलिस के अनुसार, यह परिवार पुणे के हडपसर क्षेत्र के सैयद नगर का रहने वाला था। परिवार के 16-17 सदस्य रविवार को पिकनिक मनाने गए थे। उन्होंने लोनावला के निकट एक सुंदर स्थान पर जाने के लिए किराए पर निजी बस ली थी। पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि अंसारी परिवार के सदस्य भुशी बांध के पास झरना देखने गए थे, लेकिन इलाके में भारी बारिश के कारण पानी के तेज बहाव में बह गए। एक रिश्तेदार ने बताया कि रविवार को परिवार के 15 से अधिक सदस्यों ने पिकनिक मनाने के लिए लोनावला जाने के वास्ते बस किराए पर ली थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को 50,000 से अधिक लोग घूमने के लिए लोनावला पहुंचे। मानसून का मौसम शुरू होते ही भुशी बांध और समीपवर्ती पवाना बांध देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस दौरान बारिश के कारण उन्हें बांध और झरने से दूर रहने की चेतावनी भी दी जाती है लेकिन पर्यटक कई बार इस चेतावनी की अनदेखी करते हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More