Delhi के बवाना में फैक्टरी में आग लगने से सात लोग घायल: पुलिस

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज़

दिल्ली के बवाना इलाके में रविवार को एक रसायन फैक्टरी में विस्फोट होने और भीषण आग लगने से कम से कम सात लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-एक स्थित एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना अपराह्न तीन बजकर चार मिनट पर मिली। आग बुझाने के लिए 20 दमकल गाड़ियों को भेजा गया।’’ उन्होंने बताया कि नौ लोगों को फैक्टरी से बचाया गया और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल ने सात ‘मेडिको-लीगल’ मामलों (एमएलसी) के बारे में सूचित किया और तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की पहचान कुलदीप (18), बबलू (25) और मस्तराम (20) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इन सभी को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायल लोगों की पहचान सुरेश, राकेश, पंकज पाल और घनश्याम के रूप में हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।’’

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से फैक्टरी में रखे रसायनों में आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More