भारत रत्न से सम्मानित किए गए लालकृष्ण आडवाणी , राष्ट्रपति मुर्मू ने घर जाकर दिया सम्मान,पीएम मोदी समेत ये नेता रहे मौजूद

राष्ट्रीय जजमेंट

भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को आज भारत रत्न से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आडवाणी के आवास जाकर उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी आडवाणी के आवास पर मौजूद थे। बता दें कि शनिवार को राष्ट्रपति भवन में अलंकरण समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें लाल कृष्ण आडवाणी शामिल नहीं हो सके थे क्योंकि उनकी तबियत ठीक नहीं थी।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया। राष्ट्रपति कार्यालय ने इस दौरान की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। इन तस्वीरों के साथ राष्ट्रपति कार्यालय ने लिखा, ‘भारतीय राजनीति के पुरोधा श्री आडवाणी ने सात दशकों से अधिक समय तक अटूट समर्पण और असाधारण कौशल के साथ देश की सेवा की है। वर्ष 1927 में कराची में जन्मे, श्री आडवाणी 1947 में विभाजन की पृष्ठभूमि में भारत चले आए। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अपने दृष्टिकोण के साथ, उन्होंने पूरे देश में दशकों तक कड़ी मेहनत की और सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में परिवर्तन किया। जब आपातकाल ने भारत के लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया था तब उनके अंदर के अदम्य योद्धा ने इसे अधिनायकवादी प्रवृत्तियों से बचाने में मदद की।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘एक सांसद के रूप में संवाद पर उनकी आस्था ने संसदीय परंपराओं को समृद्ध किया। गृह मंत्री तथा उप प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने सदैव राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा, जिससे उन्हें दलगत सीमाओं से परे जा कर लोगों ने सम्मान और प्रशंसा प्रदान की। भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए उनके लंबे और अथक संघर्ष की परिणति 2024 में अयोध्या में श्री राम मंदिर के पुनर्निर्माण के रूप में हुई। वे स्वतंत्रता के बाद के उन गिने-चुने राजनीतिक नेताओं में हैं जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को नया स्वरूप देने और देश को विकास-पथ पर आगे ले जाने में सफल रहे। उनकी उपलब्धियाँ भारत की सहज प्रतिभा और समावेशी परंपराओं को सर्वोत्तम अभिव्यक्ति प्रदान करती हैं।’
फरवरी में सरकार ने की थी भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा

भारत सरकार ने फरवरी की शुरुआत में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की थी। भारत रत्न दिए जाने पर लाल कृष्ण आडवाणी ने ख़ुशी जताते हुए सभी का शुक्रिया किया था। लाल कृष्ण आडवाणी के हवाले से उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। वह पीएम के साथ-साथ देश की जनता को भी धन्यवाद देते हैं कि जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह बहुत अभिभूत हैं। वह कम बोलने वाले व्यक्ति हैं। लेकिन उसकी आंखों में आंसू थे। उन्हें इस बात की ख़ुशी और संतुष्टि है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। तो, हम बहुत खुश हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिए भारत रत्न सम्मान

शनिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत सरकार द्वारा चयनित हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया। कर्पूरी ठाकुर, एमएस स्वामीनाथन, चौधरी चरण सिंह और पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इन्हें मरणोपरांत ये सम्मान दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव(मरणोपरांत) को भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार उनके बेटे पीवी प्रभाकर राव ने प्राप्त किया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More