लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता और भाजपा के बीच मुकाबला :वर्षा गायकवाड

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

मुंबई। कांग्रेस की मुंबई इकाई की प्रमुख वर्षा गायकवाड ने शुक्रवार को कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव भारतीय जनता और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच एक मुकाबला है। वर्षा गायकवाड ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावी बॉण्ड योजना के तहत जबरन वसूली रैकेट संचालित करने वाली भाजपा अब कांग्रेस के खाते फ्रीज कर तानाशाही थोपने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस के सामने चुनाव प्रचार, चुनावी सभाओं आदि के लिए धनराशि का प्रबंध करना एक कठिन काम है।

चुनाव के दौरान हमारे बैंक खातों को ‘फ्रीज’ करना लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा ने देश की सभी संस्थाओं को कमजोर कर दिया है।’’ गायकवाड ने कहा कि आयकर नोटिस 30 साल पहले के मूल्यांकन वर्ष के लिए था और इसने पार्टी पर 14 लाख रुपये की धनराशि के लिए 110 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा में डर बैठ गया है। ऐसे में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और सत्ता से बाहर कर देगी। आगामी लोकसभा चुनाव भारतीय जनता और भाजपा के बीच लड़ाई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More