बैंक खाता ‘फ्रीज’ करना कांग्रेस के खिलाफ बहुत बड़ा षडयंत्र: Ashok Gehlot

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को ‘फ्रीज’ करने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बहुत बड़ा षडयंत्र है।उन्होंने कहा कि यह भारत के नागरिकों की स्वतंत्रता का हनन है। गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा,‘‘केन्द्र सरकार के आदेश पर आयकर विभाग (आईटी) ने कांग्रेस पार्टी के सभी बैंक खाते ‘फ्रीज’ कर दिए हैं।अगले महीने से देश में लोकसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं जिनके लिए कांग्रेस को आर्थिक संसाधनों की जरूरत होगी परन्तु बैंक खाते ‘फ्रीज’ होने के कारण कोई भी लेन-देन नहीं किया जा सकता। ऐसा आजादी के बाद पहली बार राष्ट्रीय पार्टी के साथ ऐसा हो रहा है।’’उन्होंने लिखा कि यह दिखाता है कि 400 पार का नारा देने वाली राजग सरकार लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। गहलोत ने कहा,‘‘कांग्रेस चुनाव में नेताओं के परिवहन, रैली करने, प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च, कांग्रेस कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को तनख्वाह देने समेत सभी जरूरी खर्च इन्हीं बैंक खातों से करती है। इन बैंक खातों को ‘फ्रीज’ करना कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बहुत बड़ा षड्यंत्र है।’’उन्होंने लिखा,‘‘ऐसी आततायी हरकतें दिखाती हैं कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं बचा है। भाजपा यहां रूस और उत्तर कोरिया जैसे चुनाव करवाना चाहती है जहां सत्ताधारी दल की इच्छा के मुताबिक चुनाव होते हैं और परिणाम आते हैं। यह भारत के नागरिकों की स्वतंत्रता का हनन है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More