CM Nayab Singh Saini ने Haryana Assembly में विश्वास मत तो जीता ही साथ ही अपने भाषण से हरियाणा के लोगों का दिल भी जीता

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज विधानसभा में अपना बहुमत साबित कर दिया और सदन को विश्वास दिलाया कि वह राज्य के हित में काम करते रहेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में विधानसभा को जब नायब सिंह सैनी संबोधित कर रहे थे तो सभी सदस्य मेजें थपथपाकर उनका स्वागत कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खट्टर के शासनकाल के दौरान हुए कार्यों के लिए उनकी प्रशंसा भी की। नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब मैं 2014-2019 के दौरान विधायक था, तो उस दौरान मुझसे कहा गया था कि मुझे लोकसभा चुनाव लड़ना है। उस समय मैं हरियाणा सरकार में मंत्री था। जब पार्टी की इच्छा थी तब मैंने लोकसभा चुनाव लड़ा। जब पार्टी ने मुझे नयी जिम्मेदारी सौंपी, तो मैं नयी जिम्मेदारी लेने के लिए यहां मौजूद हूं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने खट्टर से बहुत कुछ सीखा है।

हम आपको यह भी बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया और कहा कि अब नायब सिंह सैनी विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे। उम्मीद की जा रही है कि अब खट्टर के क्षेत्र से उपचुनाव जीतकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन की सदस्यता हासिल करेंगे। हम आपको यह भी बता दें कि नायब सिंह सैनी राज्य के चौथे ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने विधायक नहीं होते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है। खट्टर का करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है जोकि साफ संकेत है कि उन्हें दिल्ली की राजनीति में लाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: मैं भाजपा का ‘भक्त’ हूं, हर परिस्थिति में पार्टी के साथ, नाराजगी की खबरों के बीच अनिल विज की पहली प्रतिक्रिया आई सामने

वहीं मुख्यमंत्री के संबोधन की बात करें तो उन्होंने कहा कि खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा ने पूरे देश में एक सुशासन मॉडल पेश किया है और उनकी सरकार में कई विकासात्मक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा, ”मैं उस परिवार से आता हूं, जहां मैंने चुनौतियों से भरा जीवन देखा है और खट्टर भी उसी पृष्ठभूमि से आते हैं। यह भाजपा ही है जिसने एक सामान्य कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी दी।’’ सैनी ने नयी जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद भी दिया। सैनी ने खट्टर को ‘तपस्वी’ करार देते हुए कहा कि उन्होंने पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान राज्य के लोगों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, यहां तक कि विपक्ष भी कहता रहा है कि खट्टर की छवि साफ-सुथरी है। सैनी ने आम नागरिकों, विशेषकर गरीब लाभार्थियों के दरवाजे पर विभिन्न सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के बारे में भी बात की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार राज्य प्रशासन में पारदर्शिता लायी है। सैनी ने आम जनता के लाभ के लिए कई सरकारी पोर्टल खोलने के लिए खट्टर की सराहना भी की। सैनी ने कहा, ‘‘मनोहर लाल एक ‘संत’ हैं और उन्होंने हरियाणा को बहुत कुछ दिया है, इसे मजबूत किया है और यह उनकी सोच थी कि कमजोर वर्गों और गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके घर पर पहुंचाया जाए। हरियाणा 14 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है।’’ सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2015 में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम शुरू किया था और राज्य में भाजपा सरकार ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए इसे एक प्रतिज्ञा के रूप में लिया।

दूसरी ओर, कल तक हरियाणा की सरकार में शामिल रही जजपा के अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने आज हिसार में पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमने गठबंधन धर्म के पालन के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम किया, हम सत्ता के भूखे नहीं हैं। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More