Himachal Pradesh : कांग्रेस ने पार्टी-राज्य सरकार के बीच समन्वय के लिए समिति गठित की

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए रविवार को छह सदस्यीय समिति का गठन किया। समन्वय समिति के सदस्यों में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह शामिल हैं।

संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक समिति गठित करने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।’’

पार्टी के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, धनीराम शांडिल और राम लाल ठाकुर भी समिति के सदस्य हैं। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के भीतर विभिन्न गुटों के साथ चर्चा के बाद पार्टी के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों – भूपेंद्र हुड्डा, भूपेश बघेल और डी. के. शिवकुमार – ने इस समिति के गठन का प्रस्ताव रखा था।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के कुछ विधायकों द्वारा भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद से पार्टी को संकट का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के छह विधायकों के ‘क्रॉस वोटिंग’ के कारण कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी राज्यसभा चुनाव हार गए। विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के छह बागी विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More