Lucknow में संपत्ति के विवाद में मां-बेटे समेत तीन की गोली मारकर हत्या, सभी आरोपी फरार

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

लखनऊ के मलिहाबाद थाना इलाके में शुक्रवार को संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला और उसके 17 वर्षीय बेटे समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त एस.बी. शिरोडकर ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मलिहाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मद नगर इलाके में रिश्तेदारों के बीच संपत्ति विवाद था। एक पक्ष के कुछ लोगों ने एक महिला और उसके 17 वर्षीय बेटे सहित तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।’’

उन्‍होंने बताया कि मृतकों की पहचान फरहीन खान (40), उसके बेटे हंजला (17) और हंजला के चाचा मुनीर अहमद उर्फ ताज (50) के रूप में की गयी। घटना में दो अन्य लोग घायल हो गये। शिरोडकर ने बताया, ‘‘मामले के आरोपी मृतक के करीबी रिश्तेदार हैं।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई राइफल बरामद कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।’’ उन्‍होंने बताया,‘‘प्रारंभिक जांच के अनुसार परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

परिवार ने विवादित भूमि की माप के लिए लेखपाल को बुलाया था, लेकिन उनके बीच कुछ विवाद हो गया, जो अंततः घटना का कारण बना।’’ पुलिस के मुताबिक शुरुआती विवाद के बाद आरोपी एसयूवी में असलहे लेकर पीड़ितों के घर पहुंचे और गोलियां चला दीं।

पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मलिहाबाद थाने में मुख्य आरोपी सिराज अहमद समेत चार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आयुक्‍त ने बताया कि मामले की जांच करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More