राहुल ने असम पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी, कहा कि वह डरेंगे नहीं

राष्ट्रीय जजमेंट

भीड़ को उकसाने के आरोप में गुवाहाटी पुलिस द्वारा राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य को चुनौती दी कि वे ‘‘जितना संभव हो उतने मामले’’ दर्ज करें, लेकिन फिर भी वह डरेंगे नहीं। बारपेटा जिले में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के सातवें दिन अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में कांग्रेस नेता ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की आलोचना की और उन पर जमीन और सुपारी से संबंधित कई आरोप लगाते हुए उन्हें देश का ‘‘सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि हिमंत विश्व शर्मा को यह विचार कैसे आया कि वह मामले दर्ज करके मुझे डरा सकते हैं। जितना संभव हो, उतने मामले दर्ज करें। 25 और मामले दर्ज करें, आप मुझे डरा नहीं सकते। भाजपा-आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) मुझे डरा नहीं सकते।’’

गुवाहाटी पुलिस ने मंगलवार को राज्य की राजधानी में हिंसा के कृत्यों के लिए गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए एक प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने (नरेन्द्र) मोदी के खास दोस्त (गौतम) अडाणी के खिलाफ भाषण दिया और मेरे खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फिर मुझे संसद से बाहर निकाल दिया गया और मेरा सरकारी आवास छीन लिया गया। मैंने खुद सरकारी आवास की चाबियां दे दीं, मुझे यह नहीं चाहिए।’’ वहां मौजूद लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच गांधी ने कहा, ‘‘मेरा घर हर भारतीय नागरिक के दिल में है, मैं उनके दिल में रहता हूं। मेरे पास असम, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और अन्य सभी राज्यों में लाखों घर हैं।’’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि असम में एक के बाद एक भ्रष्टाचार हो रहे हैं। उन्होंने शर्मा को देश का ‘‘सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ करार दिया। गांधी ने कहा, ‘‘जब वह (शर्मा) आपसे बात करते हैं, तो वह आपकी जमीन चुरा लेते हैं। जब आप सुपारी खाते हैं तो वह सुपारी कारोबार पर कब्जा कर लेते हैं।

उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में भी जमीन ली है।’’ असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के स्वामित्व वाले मीडिया समूह का जिक्र करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि टीवी मीडिया वही दिखाता है जो शर्मा राज्य में दिखाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया, ‘‘शर्मा अमित शाह के इशारे पर चलते हैं। अगर कोई अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहता है तो उसे दो मिनट के भीतर शर्मा बाहर कर देते हैं। तरुण गोगोई भी मुख्यमंत्री थे लेकिन उन्होंने वही किया जो असम चाहता था। तरुण गोगोई मेरे गुरु थे, लेकिन मैंने कभी नहीं कहा उन्हें क्या करना है।’’ अपने गले में लिपटे असम की संस्कृति और पहचान के प्रतीक ‘गमोचा’ (असमिया गमछा) को दिखाते हुए गांधी ने कहा कि सत्तारूढ़ सरकार राज्य के गौरव का अपमान कर रही है। गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा-आरएसएस असम की भाषा, संस्कृति और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। वे असम को नागपुर से चलाना चाहते हैं, लेकिन हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। असम को असम से ही चलाया जाएगा।’’

कांग्रेस सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शर्मा के दिल ‘‘नफरत से भरे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शर्मा अपने दिल में नफरत भरे हुए हैं। वह दुनिया के सभी लोगों से नफरत करते हैं। वह 24 घंटे नफरत और डर की बोली बोलते हैं। लड़ाई उनके खिलाफ नहीं है बल्कि उस नफरत के खिलाफ है जो उनके दिल में भरी है।’’ गांधी ने कहा कि नफरत को नफरत से नहीं हराया जा सकता। उन्होंने सभी से नफरत को खत्म करने के लिए प्यार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘नफरत के पीछे डर छिपा होता है। ये लोग नफरत और डर फैलाते हैं और हम प्यार फैलाते हैं। भाजपा-आरएसएस एक धर्म को दूसरे धर्म से, एक को दूसरी से लड़ाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोगों से बात की। सभी ने हमसे कहा कि भारत में नफरत नहीं चलेगी, यहां प्यार चलता है। यह प्यार का देश है।’’ गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के कारण मणिपुर कई महीनों से जल रहा है, अब भी लोग मारे जा रहे हैं और घरों में आग लगा दी जाती है लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने आज तक राज्य का दौरा नहीं किया। कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यात्रा का दौर 18 जनवरी से 25 जनवरी तक है और 17 जिलों में 833 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस यात्रा में कुल 67 दिन में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करने की योजना है। यात्रा 15 राज्यों में 110 जिलों से हो कर गुजरेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More