राष्ट्रीय जजमेंट
पहलवान साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की जिन्होंने न्याय के लिए उनकी लड़ाई में हर तरह से समर्थन करने का आश्वासन दिया।
प्रियंका ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवानों ने भाजपा सांसद पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब भी आरोपी के साथ खड़ी है और देश की महिलायें इन अत्याचारों को देख रही हैं। जब पहलवान प्रियंका गांधी से मिलने गए तो कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे।
दीपेंद्र हुड्डा ने इससे पहले साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से अपने आवास पर मुलाकात की, जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा भी मौजूद थे। दीपेंद्र हुड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत की एकमात्र ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने खुद के साथ हुए अन्याय के कारण कुश्ती से संन्यास ले लिया और केंद्र ने अपने वादों को पूरा नहीं किया। जहां तक देश की महिलाओं के सम्मान और खेलों का संबंध है तो यह अच्छा संकेत नहीं है। ’’
Comments are closed.