धारावी परियोजना में अडाणी का पक्ष ले रही शिंदे सरकार: गायकवाड़

राष्ट्रीय जजमेंट

कांग्रेस की मुंबई इकाई की प्रमुख वर्षा गायकवाड़ ने शुक्रवार को एकनाथ शिंदे सरकार पर धारावी पुनर्विकास परियोजना में नियमों में बदलाव कर गौतम अडाणी समूह को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। विधानसभा में बोलते हुये धारावी की विधायक गायकवाड़ ने कहा कि अरबपति उद्योगपति के समूह की कंपनी को परियोजना को निष्पादित करने का अधिकार मिलने के बाद परियोजना में बिक्री योग्य क्षेत्र दोगुना हो गया है। कांग्रेस नेता ने नियम 293 के तहत मुद्दे को उठाते हुए कहा, धारावी बस्ती का क्षेत्रफल 160 हेक्टेयर है। पुनर्विकास के बाद बिक्री योग्य क्षेत्र 10.5 करोड़ वर्ग फुट होगा। 2018 में जब देवेन्द्र फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे तो पुनर्विकास परियोजना को निष्पादित करने वाले बिल्डर को केवल पांच करोड़ वर्ग फुट मिलना था। उन्होंने पूछा, ऐसा क्या हुआ कि बिक्री योग्य क्षेत्र पांच साल में दोगुना हो गया? मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली जाते हैं और इस परियोजना को अडाणी को सौंपने के लिए सब कुछ बदल दिया जाता है। यह सरकार धारावी पुनर्विकास परियोजना को अडाणी को देने पर क्यों तुली हुई है? गायकवाड़ ने दावा किया कि सात लाख लोगों को धारावी से स्थानांतरित होने के लिए कहा जाएगा क्योंकि पुनर्विकास के बाद यह एक वाणिज्यिक परिसर में तब्दील हो जाएगा और बिजनेस हब बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स का विस्तार बन जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More