असामाजिक तत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, प्राथमिकी दर्ज

राष्ट्रीय जजमेंट

गाजियाबाद जिले के मुरादनगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने एक पार्क में स्थित डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने मौके पर हंगामा किया। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) विवेक चंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार रात मुरादनगर थाना क्षेत्र स्थित सुथारी गांव के पार्क में लगी आंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना के दोषी लोगों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। यादव ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रतिमा की मरम्मत कराई और बृहस्पतिवार की शाम उसे उसी स्थान पर स्थापित कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम प्रधान और कुछ अन्य लोगों ने पार्क में एक नई प्रतिमा स्थापित करने का फैसला किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More