राष्ट्रीय जजमेंट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कांग्रेस शासित राज्य में पीएम मोदी की यह सार्वजनिक बैठक होगी। कांकेर में ‘विजय संकल्प’ रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के समर्थन में जो आंधी चल रही है, उसकी एक झलक यहां कांकेर में भी दिख रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प-छत्तीसगढ़िया पहचान को सशक्त करने का है, हर गरीब, आदिवासी, पिछड़े के हितों की रक्षा करने का है, छत्तीसगढ़ को देश के टॉप राज्यों में लाने का है।मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य की जनता और भाजपा ने मिलकर काम किया। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस की सरकार रही, वे यहां भाजपा सरकार से दुश्मनी निकालते रहे। लेकिन हमने फिर भी राज्य के विकास के लिए काम किया। यह चुनाव सिर्फ एक विधायक या मुख्यमंत्री चुनने के लिए नहीं है, बल्कि यह आपका और आपके बच्चों का भविष्य तय करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विकास में छत्तीस का आंकड़ा है। जहां कांग्रेस रहेगी, वहां विकास हो ही नहीं सकता। छत्तीसगढ़ ने भरी हुंकार, अबकी बार-भाजपा सरकार! उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस ने टूटी-फूटी सड़कें दी हैं। आप लोगों को कांग्रेस ने बीमार-बदहाल स्कूल, अस्पताल दिए हैं। कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया है। कांग्रेस शासन में आपको नौकरियों की बंदरबांट, हत्या, अपराध, हिंसा, यही सब कुछ मिला है।
Comments are closed.