हैवानियत की हदें पार: किशोर को हैरो से काटकर खेत में दफनाई लाश, ऊपर से बोए आलू

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज
रिपोर्ट – विष्णु कान्त शर्मा
फिरोजाबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 4 दिन पहले गांव के दो युवक आलू गड़वाने की बात कहकर किशोर को घर से लेकर गए थे। उन्होंने किशोर को हैरो से काटकर खेत में शव दफना दिया और ऊपर से आलू बो दिए। सोमवार की सुबह पुलिस ने शव को खेत से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घटना नारखी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव की है। गांव निवासी राजमिस्त्री विनोद कुमार ने बताया कि उनका बेटा कृष्णा 19 अक्तूबर की शाम को गांव का ही सुमित ठाकुर और उसका भाई अमित आए और कहा कि खेत पर आलू गड़वाने का काम चल रहा है। इसके बाद कृष्णा को ट्रैक्टर पर अपने साथ ले गए।
इसके बाद रात हो गई लेकिन कृष्णा घर नहीं लौटा। उन्होंने सुमित ठाकुर के घर जाकर जानकारी की। वहां पर उन लोगों ने टाल मटोल कर दिया। ठीक से कोई जवाब नहीं दिया। इधर-उधर काफी ढूंढा लेकिन बेटे का कहीं कोई पता नहीं चला। इस पर सुमित और उसके भाई की बातों पर शंका हुई।
विनोद ने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों भाईयों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद रविवार की शाम आरोपी सुमित को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा सच उगल दिया। पुलिस को लाश के बारे में भी जानकारी दी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने किशोर की हत्या कर दी है। शव को खेत में गाड़ दिया है। उसने बताया कि उसने कृष्णा को ट्रैक्टर के हैरो से काट कर मारा है। आरोपी की निशानदेही पर रविवार को देर रात शव को बरामद कर लिया।

Comments are closed.