एम्स में डॉक्टर बनकर कर ठगी करने वाली एमएससी पास युवती गिरफ्तार

नई दिल्ली: माइक्रोबायोलॉजी में बीएससी और फॉरेंसिक साइंस में एमएससी पास करने वाली युवती डॉक्टर बनकर एम्स में ठगी करने में लगी हुई थी। वह लोगों को एम्स में जल्द इलाज कराने का झांसा देकर मोटी रकम हड़प लेती थी। साउथ दिल्ली के हौज खास थाना पुलिस ने युवती को बीते मंगलवार को एम्स परिसर से रंगे हाथ पकड़ा है।

साउथ जिले की डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि बीती 18 अप्रैल को हौज खास थाने में धोखाधड़ी के संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई गई जिसमें शिकायतकर्ता ने कहा कि बीती 21 मार्च को वह अपनी बेटी के इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल आया और कोट पहने एक महिला से मिला। जिसने खुद को एम्स का जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर बताया और जल्दी इलाज का झांसा देकर यूपीआई के माध्यम से 96000 रुपये ले लिए। बाद में आरोपी ने उसे दस दिन बाद आने को कहा लेकिन इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के फोन को उठाना बंद कर दिया। तब शिकायतकर्ता को ठगी का अहसास हुआ। इस संबंध में थाना हौज खास में मामला दर्ज किया गया था।

डीसीपी ने बताया कि टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी व्यक्ति और उसके द्वारा अपनाई गई कार्यप्रणाली के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए शिकायतकर्ता से पूछताछ की गई। टीम ने एम्स परिसर में आरोपी के सक्रिय क्षेत्रों के बारे में कोई सुराग पाने के लिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और कथित महिला की तस्वीरें विकसित कीं। कथित महिला की तस्वीरें सुरक्षा गार्ड और सार्वजनिक व्यक्तियों को दिखाई गईं। टीम के प्रयास रंग लाए जब सघन तलाशी के बाद कथित महिला को एम्स ओपीडी के पास जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर का कोट पहने पाया गया जिस पर उसका नाम सिला हुआ था और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने उपरोक्त अपराध कबूल कर लिया है। गिरफ़्तार महिला माइक्रोबायोलॉजी में बीएससी और फॉरेंसिक साइंस में एमएससी पास है। उसने अपनी पृष्ठभूमि का उपयोग करते हुए एक डॉक्टर का कोट खरीदा और पैसे की लालच के लिए एम्स अस्पताल में तेजी से इलाज के बहाने लोगों को धोखा देती थी। उसकी पहले से कोई संलिप्तता नहीं मिली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More