कानपुर देहात: सट्टी थाना क्षेत्र के अफसरिया की मड़ैया गांव में बुधवार शाम को खेलते समय पिता की आंखों के सामने तीन वर्षीय मासूम कुएं में गिर गया।अफसरिया की मड़ैया निवासी जंटर सिंह मजदूरी करते हैं। बुधवार शाम को उनका पांच बच्चों में सबसे छोटा बेटा ईशू (3) घर के सहन में खेल रहा था। अन्य परिजन घर में मौजूद थे। दरवाजे पर जंटर सिंह भी थे। इसी दौरान ईशू कुएं के पास पहुंच गया और झुक कर देखने लगा।जंटर सिंह जब तक उसे पकड़ पाते तब तक ईशू कुएं में गिर गया। बेटे को आंखों के सामने कुएं में गिरता देख जंटर बदहवास हो गए।
वह जोर जोर से चिल्लाने लगे। शोर सुनकर अन्य परिजन पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर में पुलिस और दमकल के जवान मौके पहुंच गएरेस्क्यू शुरू हुआ लेकिन कुंआ गहरा होने और पानी होने की वजह से बच्चे को जल्द निकाला नहीं जा सका। करीब चार घंटे तक मशक्कत होती रही। रस्सी के सहारे कुएं में उतरे अफसरिया निवासी जमाल उर्फ लूला ने मासूम को बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Comments are closed.