गोरखपुर: होलिका दहन उत्सव समिति पांडेयहाता की ओर से सोमवार को होलिका दहन की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल लोग होली के गीतों पर नाचते-गाते नजर आए। जिधर से शोभायात्रा निकली वहां माहौल होलीमय हो गया।शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ा, फिर बैंड-बाजा और अंत में भक्त प्रहलाद व होलिका की झांकी चल रही थी। इस दौरान होली के गीतों पर युवा नाचते गाते चल रहे थे। जिधर से शोभायात्रा गुजर रही थी, वहां रंग, अबीर और गुलाल से लोग स्वागत कर रहे थे। इससे पूरे माहौल में होली की मस्ती घुल रही थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होलिका दहन में कोई जन-धन की हानि न होने पाए। होलिका दहन बुराई के अंत का माध्यम है। ऐसे में किसी का नुकसान हुआ तो यह अन्याय व अधर्म होगा। हमें अन्याय और अधर्म से बचना होगा। सीएम योगी ने लोगों को संबोधित किया और होली के मर्म व संदेश को बताया। उन्होंने किसी पर जबरन रंग नहीं डालने की भी हिदायत दी। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री ने होलिका दहन शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर स्थापित भक्त प्रहलाद की आरती उतारी। चित्र पर फूल बरसाने के बाद उपस्थित जनसमूह पर पुष्प वर्षा करते हुए फूलों से होली खेली।
Comments are closed.