लखनऊ: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। भाजपा सरकार में दिन दहाड़े सड़कों पर अपराध हो रहे हैं। अपराधी बेखौफ हैं। भाजपा सत्ता की पूरी ताकत राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने में लगा रही है। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं और आम जन की सुरक्षा से मतलब नहीं है। उधर, उन्होंने ट्वीट कर गाजियाबाद की घटना का वीडियो पोस्ट कर लिखा कि यूपी भाजपा ने कानून व्यवस्था का अंतिम संस्कार कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में सरेआम सड़क पर वकील की उसके सरकारी सुरक्षा गार्डों के साथ हत्या हुई। इसी तरह से उन्नाव के सफीपुर में दबंगों ने 15 साल की छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके बाद छात्रा की हत्या कर शव पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर फेंक दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए हत्या के बाद शव को वाहन से रौंद दिया। न्याय मांगने पर लोगों को थाने में डराया और धमकाया जा रहा है। सड़क से लेकर सदन तक भाजपा का विरोध करेगी।
जनता को जागरूक कर आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जाएगा।दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया की गिरफ्तारी पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट किया कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार 2024 से पहले ही अपनी हार मान चुकी है। दिल्ली की जनता इसका जवाब अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सातों सीटें हराकर देगी।
Comments are closed.