आगरा में रविवार को नवजात बच्ची जीवन नगर, टेढ़ी बगिया रोड पर कूड़े के ढेर में पड़ी मिली थी। पुलिस ने पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। बाल रोग विशेषज्ञ डा. विजय यादव ने बताया कि भर्ती के समय बच्ची का शरीर ठंडा पड़ा था। ऐसा सुबह से दोपहर तक सड़क पर पड़ा रहने की वजह से हुआ होगा। उसकी सांस और पल्स कम चल रही थी। बीपी भी कम था। उसे वेंटीलेटर पर रखा गया। रक्त चढ़ाया गया। सोमवार को उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ। एसएन मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने जिस जगह पर बच्ची मिली थी, उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। कोई सुराग नहीं मिल सका। थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश का कहना है कि बच्ची को रविवार तड़के जन्म के कुछ देर बाद ही छोड़ा गया था। आसपास के अस्पतालों का रिकॉर्ड निकाला गया है। पता किया जा रहा है कि हाल ही में किसी अस्पताल में कोई बच्ची तो पैदा नहीं हुई थी।
Comments are closed.