पंजाब: बटाला के गांव दहिया में रविवार रात करीब 11 बजे एक कार में आए सात लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग करके गांव के पूर्व सरपंच स्वर्ण सिंह (55) की हत्या कर दी। मृतक स्वर्ण सिंह के बेटे जितेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे वह घर में सोया हुआ था। कार में सात लोग आए और उसके पिता का नाम लेकर शोर मचाना शुरू कर दिया। जब उनके पिता ने बाहर आकर गेट खोला तो सभी कार सवार जबरदस्ती उनके घर में घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसके पिता ने भी अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से जवाबी फायरिंग की।
हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी के दौरान एक गोली उसके पिता को लग गई और वह गंभीर घायल हो गए जबकि दूसरे पक्ष के दो लोग भी गोली लगने से घायल हो गए। जिनको अमृतसर रेफर कर दिया गया है। बाकी हमलावर फरार होने में सफल रहे। उन्होंने अपने पिता स्वर्ण सिंह को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी बटाला सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने सात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपी भी जल्द पुलिस हिरासत में होंगे।
Comments are closed.