जमीनी रन्जिश में युवक की गर्दन काटकर हत्या, माता पिता को भी गोलियों से किया छलनी

पी.सी.एस.की तैयारी कर रहा था पीयूष, मन्दिर से घर जाते समय रास्ते में कर दी गयी हत्या,

राष्ट्रीय जजमेन्ट फर्रुखाबाद :- अमृतपुर थाना क्षेत्र में जमीन की रन्जिश में युवक की वीभत्स हत्या कर दी गयी। हत्यारों ने उसके पैर बाँधकर गला रेंत दिया। इतना ही नहीं, युवक के माता-पिता को भी गोली मार दी। माता-पिता को उपचार हेतु लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद भेजा गया है। युवक पीयूष पी.सी.एस. की तैयारी कर रहा था। घटना उस समय हुई जब वह पूजा करके मन्दिर से घर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी केअनुसार अमृतपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई है। जमीनी विवाद में हत्यारों ने छात्र पीयूष की गर्दन काटकर हत्या कर दी और उसके मां-बाप को गोली मारकर घायल कर दिया। कस्बा अमृतपुर निवासी दिनेश अवस्थी का परिवारीजनों से 5 डिसमिल जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। दिनेश का 22 वर्षीय पुत्र पीयूष शनिवार सुबह सात बजे घर से मन्दिर पूजा करने गया था। जब पीयूष घर से करीब 40 मीटर दूरी पर स्थित विवादित जमीन के सामने से गुजर रहा था।
उसी दौरान विरोधी बड़े लल्ला, नन्हें लल्ला, अरुण एवं विपिन ने युवक पीयूष को पकड़ लिया और उसे जबरन खींच कर विवादित अहाते में ले गए। वहां पीयूष के पैर बांधकर हाथ पकडऩे के बाद गड़ासे से उसकी गर्दन काट दी गई। असहाय पीयूष ने तड़प-तड़प कर वहीं दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी होने पर जब मृतक के पिता दिनेश व माँ मीरा देवी घर से बाहर निकली तो विरोधियों ने उन्हें मारने के लिए करीब एक दर्जन फायर किए।
गोली लगने से दम्पति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद भेजा गया।फायरिंग एवं हत्या एवं की घटना से कस्बा में भगदड़ मच गई। सुबह सुबह हुई इस घटना से क्षेत्र में आतंक फ़ैल गया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पीयूष पी.सी.एस. परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसने लेखपाल की परीक्षा के लिए भी आवेदन किया था।पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
फर्रुखाबाद से विक्रान्त सिन्हा की रिपोर्ट

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More