पुलिस हिरासत में युवक की मौत की अफवाह से भ्रमित होकर ग्रामीणो ने थाने पर किया पथराव

गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र में शनिवार को किसी अराजक तत्व ने पुलिस हिरासत में युवक की मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर फैला दी। जानकारी होते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने थाने पर पथराव कर दिया। पथराव में थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार का सिर फट गया। साथ ही कई महिला और पुरुष सिपाही को भी चोटें आई हैं। सूचना पर एसपी रामबदन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।

रामलीला में हुआ था विवाद

बता दें कि मरदह बाजार में गुरुवार रात रामलीला में मारपीट हो गई थी। भाजपा जिला पंचायत सदस्य और मंडल अध्यक्ष शशि प्रकाश सिंह को रामलीला में गांव के कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। शशि प्रकाश को सिर में गंभीर चोटें भी आई थीं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक बंटी राजभर सहित कई लोगों को शुक्रवार रात में गिरफ्तार किया था।

ग्रामीणों ने थाने पर पथराव किया

शनिवार को कस्बे के किसी अराजक तत्व ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैला दी कि पुलिस हिरासत में बंटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह सुनते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सैकड़ों की पहुंचीं महिलाओं सहित ग्रामीणों ने थाने पर पथराव कर दिया। पथराव में मरदह थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार का सिर फट गया। साथ ही कई महिला और पुरुष सिपाही को भी चोटें आई हैं। वहीं सैकड़ों की संख्या में लोग मरदह बाजार में मरदह-कासिमाबाद मार्ग पर जाम लगाए हुए हैं। ग्रामीण का आरोप है कि बीती रात पुलिस ने घर में घुसकर कई लोगों को मारा-पीटा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More