यूपी : कम दहेज मिलने से नाराज परिजनों ने की महिला की हत्या, नदी में बहता मिला शव

बहराइच में चौकसाहार गांव में मनचाही शादी से नाखुश व कम दहेज मिलने पर विवाहिता को जेठानी व सास मायके से लेकर निकली थीं। रास्ते में उसकी हत्या करने के बाद शव को सरयू नदी में पुल के नीचे दफना दिया गया था। तीन दिन बाद रविवार को विवाहिता का शव नदी में बहता मिला। उसका बायां हाथ भी गायब था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। दिल दहला देने वाली वारदात क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

खैरीघाट थाना क्षेत्र के चौकसाहार गांव निवासी चेतराम ने अपनी बेटी प्रीती देवी (19) का विवाह इसी थाना क्षेत्र के भगतापुर गांव निवासी तीरथ के पुत्र राम प्रकाश के साथ किया था। आरोप है कि पति रामप्रकाश शादी से खुश नहीं था और लड़की को पसंद भी नहीं करता था। जबरन शादी करा दी गई थी। विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। विवाहिता के पति, सास-ससुर व जेठानी दहेज में एक लाख रुपये की मांग किया करते थे।

मांग न पूरी होने पर मार-पीट करते थे। तीन दिन पहले विवाहिता मायके आई थी। यहां उसकी जेठानी व सास पहुंचीं और फुसलाकर ससुराल ले जाने के लिए अपने साथ ले गईं। रास्ते से अचानक वह गायब हो गई। परिजनों ने तलाशना शुरू किया, लेकिन तीन दिन तक कुछ नहीं पता चल सका। रविवार को विवाहिता का शव खरखट्टनपुरवा पुल के नीचे सरयू नदी में बहता हुआ दिखा।

घटना की सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उसका बायां हाथ भी गायब था। बताया जा रहा है कि शव को हत्या के बाद पुल के नीचे दफना दिया गया था। मिट्टी बहने के कारण वह ऊपर आ गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More