फिरोजाबाद : संतान न दे पाने से नाराज ससुराल वालों ने युवती को जिंदा जलाया

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक महिला को जिंदा जलाकर मारने का मामला सामने आया है। दरअसल, महिला की शादी के 10 साल बाद भी उसे कोई संतान नहीं हुई। इस बात को लेकर ससुराल में उसका आए दिन विवाद होता रहता था। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसे डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। अब तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

देर रात मोहल्ले वालों ने महिला को जलते देखा

मामला सिरसागंज के अहीरटोला का है जहां के निवासी आशू का विवाह 2011 में रीना(32) के साथ हुआ था। दोनों को अब तक एक भी औलाद नहीं हुई। इस बात के चलते रीना का ससुराल पक्ष उससे नाराज रहता है। उन लोगों में अक्सर झगड़े भी होते है। रविवार की देर रात अचानक मोहल्ले वालों ने देखा की रीना जल रही है। जिसके बाद वहां आस पड़ोस वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उन लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए सिरसागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भेजा। जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख रीना को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है। इसीलिए उसके घरवाले उससे झगड़ते है। उन्हीं लोगों ने उसे डीजल डालकर उसे जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की है। महिला का 90 प्रतिशत शरीर जल चुका है। हालांकि, अभी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। अब तक पीड़िता के मायके पक्ष ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी में फोन पर बात करने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद ये घटना हुई है। उन्होंने बताया कि महिला का बयान कलमबंद हो गया है। आगे जो भी तहरीर आएगी उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More