गर्रा और खन्नौत शमशान घाट पर गैस प्लांट से होगा अंतिम संस्कार

आर जे न्यूज़-

गर्रा और खन्नौत शमशान घाट पर गैस प्लांट के माध्यम से अंतिम संस्कार किया जाएगा। श्री बाबा विश्वनाथ जीर्णोद्धार समिति ने कोविड-19 के बढ़ते हुए प्रकोप में शवों की संख्या को देखते हुए गैस प्लांट लगवाने का प्रयास शुरू कर दिया। तमिलनाडु के मधुराई की कंपनी प्लांट लगाने के लिए सर्वे कर चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।

शाहजहांपुर में गर्रा और खन्नौत नदी पर मोक्षधाम पर अभी तक लकड़ियों से शवों के अंतिम संस्कार किए जाते हैं। कोविड-19 की दूसरी लहर ने लोगों पर सितम ढ़ाना शुरू किया तो मरने वालों की संख्या में इजाफा हो गया। मोक्षधाम पर शवों के अंतिम संस्कार कराने के लिए चबूतरे तक कम पड़ गए। ऐसी गंभीर स्थिति आने के बाद अब बाबा विश्वनाथ जीर्णोद्धार समिति ने एलपीजी से संचालित प्लांट लगवाने का निर्णय लिया।

दोनों मोक्षधाम पर प्लांट के लिए सर्वे पहले हो चुका है। हालांकि, इधर शवों की संख्या में इजाफा होने से समिति के अध्यक्ष राजकुमार खंडेलवाल ने तमिलनाडु की कंपनी से जल्द ही प्लांट लगाने की गुजारिश की है। समिति के अध्यक्ष राजकुमार खंडेलवाल ने बताया कि गैस प्लांट लगवाने के लिए कंपनी के त्रिमूर्गन से शनिवार को फिर बात हुई है। उन्हें िस्थति से अवगत कराया। उनसे गुजारिश की है कि पहले से निर्मित प्लांट को भेज दें। उसका एक लाख रुपया अधिक तक देने को तैयार हैं।

आधे सिलेंडर में हो जाएगा शव का संस्कार:-

मोक्षधाम में गैस प्लांट लगने से शवों के अंतिम संस्कार में ज्यादा समय नहीं लगेगा। आधे सिलेंडर में 45 मिनट में शव का संस्कार हो जाएगा। राजकुमार खंडेलवाल ने बताया कि चिमनी के साथ 25 लाख और बिना चिमनी का प्लांट 18 लाख रुपये में लगेगा। प्लांट के निर्माण में दो महीने का समय लगेगा।
बाबा विश्वनाथ जीर्णोद्धार समिति के बुलावे पर तमिलानाडु क कंपनी के त्रिमूर्गन एक महीने पहले शाहजहांपुर आए थे।

उन्होंने दोनों मोक्षधाम का निरीक्षण किया था। समिति के अध्यक्ष से उनकी बातचीत भी फाइनल हो गई थी। तब जिले में इतना संक्रमण नहीं फैला था। यहां से जाने के बाद त्रिमूर्गन कोविड की चपेट में आ गए। इसलिए प्लांट का काम तेजी से शुरू नहीं हो पाया। अब कोविड अपने पूरे ऊफान पर है। लिहाजा, अब गैस से संचालित प्लांट की काफी ज्यादा जरूरी है। इसलिए अब समिति भी प्लांट के लिए जल्दबाजी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More