पंजाब: असिस्टेंट जनरल मैनेजर ने शक के चलते पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, फिर शव को भी जलाया

आर जे न्यूज़-

पंजाब के नवांशहर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया है। रोपड़-फगवाड़ा मुख्य मार्ग और फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली जीआर इंफ्रा कंपनी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर ने मंगलवार को शक के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में शव को जला दिया।

कंपनी के अन्य अधिकारियों की सूचना पर थाना बंगा सिटी पुलिस ने घर से अधजला शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्जकर लिया है। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के उमारिया जिले के गांव कुछ माट्ठा निवासी अनिल कुमार जीआर इंफ्रा कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात है। कंपनी बंगा में फ्लाईओवर का निर्माण कर रही है।

आरोपी अपनी पत्नी अनुपमा और तीन बच्चों के साथ बंगा की एनआरआई कालोनी में रहा है। मंगलवार शाम अनिल कंपनी के दफ्तर में अपने आठ वर्ष के लड़के, पांच वर्ष की लड़की और तीन वर्ष के लड़के साथ पहुंचा। वहां उसने तीनों बच्चों के साथ खाना खाया। इस दौरान वहां पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने अनिल कुमार से उसकी पत्नी के साथ न आने के बारे में पूछा।

लेकिन उसने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। कुछ समय बाद अनिल ने अपने एक सीनियर अधिकारी को बताया कि उसे अपनी पत्नी अनुपमा पर शक था। इसके चलते उसने अनुपमा का गला घोंट दिया है। इसके बाद शव को जला दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक इसके बाद कंपनी के अधिकारी बलबीर सिंह ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एनआरआई कालोनी स्थित आरोपी के घर से अनुपमा का अधजला शव बरामद कर लिया है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कंपनी के अधिकारी बलबीर सिंह की शिकायत के आधार पर अनिल कुमार के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More