हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर हाथी की मौत, वन विभाग के आधिकारियों में मचा हड़कंप
लालकुआं। लालकुआं के निकटवर्ती क्षेत्र हल्दूचौड़ के बच्ची धर्मा ग्रामसभा में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। जिससे वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं मौके पर पहुंचकर विभागीय अधिकारी पोस्टमार्टम समेत अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
बताते चलें कि आज सुबह बच्ची धर्मा गांव के लोग जब जागे तो उन्होंने एक विशालकाय हाथी को खेत पर मरा पड़ा हुआ देखा। हाथी की मौत की खबर सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसमें पूर्व केबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल सहित कई क्षेत्रीय जनप्रतिनिध शामिल थे। वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि हाथी की मौत वहां से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हुई है। हाथी की मौत होने से वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और वह आनन फानन में मौके पर पहुंचे तथा पोस्टमार्टम सहित अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में जुट गए।
बताते चलें कि पिछले काफी समय से हाथी टांडा रेंज के जंगल से राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे ट्रैक को पार कर हल्दूचौड़ के गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की फसलों को नष्ट कर रहे थे। फसलों को हो रहे नुकसान को देखते हुए ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों में आने से रोकथाम की मांग की थी लेकिन वन विभाग की लापरवाही के चलते एक हाथी की मौत हो गई।
वहीं खेत ग्राम प्रधान रुकमणी देवी ने बताया कि बच्चीधर्मा गांव में कई दिनों से हाईटेंशन लाइन जमीन को छू रही थी। इस संबंध में विद्युत विभाग को बार बार सूचना दिए जाने के बाद भी उसे ठीक नहीं किया गया जिसके चलते यहां एक हाथी की मौत हो गई।
वहीं डीएफओ संदीप कुमार का कहना है कि यहां हाथी की मौत हुई है, प्रथम दृष्टया हाथी की मौत का कारण हाईटेंशन विद्युत तार लग रहा है। विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हाथी की मौत हुई है। उन्होंने कहा हाइडिल विभाग के विरुद्ध वाईल्ड एक्ट के तहत जल्द ही कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
Comments are closed.