जालौन: जालौन जिले के उरई राजकीय मेडिकल कॉलेज में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वार्ड में भर्ती मरीज के लिए भोजन लेने पहुंची एक महिला तीमारदार के सिर पर कर्मचारी ने आवेश में आकर चमचा मार दिया। हमले में महिला का सिर फट गया और वह लहू-लुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस घटना के बाद से वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के वार्ड में भर्ती कराया गया। वहीं, मारपीट करने वाले कर्मचारी को भी निकाल दिया गया है।
दरअसल, झांसी जनपद के उजियारपुर गांव निवासी करन सिंह का पुत्र कृष्णा मानसिक रूप से बीमार रहता है। इस पर करन सिंह पत्नी रिया को लेकर 19 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज उरई आया था। यहां डॉक्टर ने कृष्णा को वार्ड 4 में भर्ती करने की सलाह दी। उसकी देखभाल करने के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी करन सिंह की सास सावित्री देवी भी पहुंची थी। इसी दौरान बुधवार की शाम खाना लेकर को लेकर विवाद हुआ और फिर कर्मचारी ने महिला पर हमला बोल दिया।
बर्तन छोटा होना बना विवाद की जड़
तीमारदार बुधवार की शाम को वार्ड के बाहर कैंटीन से बांटे जा रहे खाने को लेने के लिए थाली लेकर गईं थीं। आरोप है कि बर्तन छोटा होने पर सावित्री देवी ने दूसरे बर्तन में और खिचड़ी देने को कहा तो कर्मचारी से उनका विवाद हो गया। इसी दौरान कर्मचारी ने तैश में आकर सिर में चमचा मार दिया। इससे महिला उसी वक्त लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना से मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई। मौजूद लोगों ने महिला को इमरजेंसी में भर्ती कराया। यहां उसे करीब 8 टांके आए हैं।
पुलिस आने के पहले आरोपी फरार
इस घटना की जानकारी करन सिंह ने पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कर्मचारी मौके से भाग गया। सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि 112 पर सूचना दी गई थी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मेडिकल कालेज के प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि जायसवाल फर्म का खाना सप्लाई का ठेका है। महिला के साथ मारपीट करने वाले कर्मचारीको निकाल दिया गया है और फर्म को चेतावनी पत्र जारी किया है
Comments are closed.