नवविवाहित पति-पत्नी की संदिग्ध हालत में हुई मौत

0
देवरिया/मईल। थाना क्षेत्र के धरमेर गांव शुक्रवार की रात नवदंपत्ति की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। कमरे के अंदर पति का शव दरवाजे के पास पड़ा था तो पत्नी रोशनदान से लगे फंदे पर झूल रही थी।
सुबह घरवाले उन्हें जगाने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे पति-पत्नी में विवाद का कारण बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम छानबीन में जुटी है।
मईल थानाक्षेत्र के धरमेर गांव निवासी विजय शर्मा (27) की शादी पिछले साल फरवरी में पास के ही कहांव गांव निवासी सुमन (24) से हुई थी। विजय विदेश में रहकर रोजगार करता था। बीते दिसंबर में वह घर आया था। बताते हैं कि शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद विजय और सुमन सोने के लिए गांव में स्थित पुराने घर पर आ गए।
परिवार के अन्य सदस्य नए मकान पर ही रुक गए थे। सुबह काफी देर तक जब विजय और सुमन बाहर नहीं निकले तो घर के लोग उन्हें जगाने पहुंचे। अंदर देखा तो दरवाजे पर विजय की लाश पड़ी थी। पास में ही रोशनदान से बंधे फंदे पर सुमन का शव लटक रहा था।
सूचना मिलते ही घर के अन्य सदस्य आनन फानन में घर पहुचे। एएसपी दक्षिणी शिष्यपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। विजय के गले पर भी काला निशान मिला है। आशंका जताई जा रही है कि यह उसके गले में मौजूद धागे का निशान हो सकता है।
घर वालों ने किसी तरह के विवाद या कोई कहा-सुनी होने से इंकार किया है। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी में विवाद के बाद आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही तथ्य सामने आएगा।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More