दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन: पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर हंगामा

नई दिल्ली: बिहार में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गवासी मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में शनिवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान शाहदरा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक गाबा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुए, जबकि सचदेवा, सांसद कमलजीत सहरावत और पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत सहित कई अन्य चोटिल हुए।

प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रवीन खंडेलवाल, बांसुरी स्वराज और अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले पर धिक्कार जताया और नारे लगाए, जैसे- “राहुल गांधी होश में आओ, माता-बहनों का अपमान बंद करो” और “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “आजादी के बाद पहली बार एक गरीब का बेटा 11 साल से बिना रुके देश की सेवा कर रहा है। यह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं। राहुल गांधी का परिवार, जो हवाई जहाज में जन्मदिन मनाता था, उसे कैसे सहन होगा कि एक गरीब मां का बेटा भारत का डंका बजा रहा है। बिहार की जनता इस अपमान का जवाब देगी।” उन्होंने राहुल गांधी और राजद नेता लालू यादव से माफी की मांग की।

तरुण चुघ ने कांग्रेस को “शिशुपाल” करार देते हुए कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में 18 चुनाव हार चुकी कांग्रेस मानसिक कुंठा में है। पीएम की मां के लिए अपशब्द कहना अलोकतांत्रिक है। पूरी कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।”

दुष्यंत गौतम ने कहा, “मोदी ने धारा 370 हटाई, तीन तलाक खत्म किया और विश्व में भारत का नाम रोशन किया। लेकिन कांग्रेस उनकी मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही है। यह अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।”

अलका गुर्जर ने जोड़ा, “राहुल गांधी के मंच से पीएम की मां को अपशब्द कहना मातृशक्ति का अपमान है। बिहार की जनता इसका जवाब देगी।”

जब कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े, तो पुलिस ने बैरिकेड्स और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर आईपी एस्टेट थाने ले जाया गया। घायलों में दीपक गाबा को गंभीर चोटें आईं, जबकि दक्षिण दिल्ली जिला अध्यक्ष माया बिष्ट की उंगली टूटी और महिला मोर्चा महामंत्री निवेदिता तिवारी के हाथ की नस फट गई।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार के मिथिला क्षेत्र, जो माता सीता और चाणक्य की पवित्र भूमि है, में कांग्रेस के मंच से पीएम और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई। सचदेवा ने कहा कि यह घटना कांग्रेस और राजद की हताशा को दर्शाती है, जो बिहार चुनाव में हार की आशंका से बौखलाए हैं। उन्होंने इसे मिथिला की सांस्कृतिक पहचान पर हमला बताया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More