ममता ने संदेशखाली भेजे 3 मंत्री, पैसे लौटाने को तैयार टीएमसी, शिबु-सरदार की गिरफ्तारी पर बंटी मिठाई

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

कोलकाता महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर लगातार हो रही किरकिरी के बीच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने तीन मंत्रियों सुजीत बोस, पार्थ भौमिक और बीरबाहा हंसदा को रविवार को संदेशखाली भेजा। स्थानीय स्तर पर आक्रोश की वजह से मंत्रियों ने यहां आकर लोगों की शिकायतें सुनीं। वहीं, गांव पहुंचे तृणमूल नेताओं ने आश्वासन दिया कि बांध बनाने के एवज में लिए गए पैसे लौटाए जाएंगे। शनिवार को शिबु हाजरा और उत्तम सरदार की गिरफ्तारी पर गांव की महिलाओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। सरकार पर संदेशखाली हिंसा के मुख्य आरोपी और तृणमूल नेता शेख शाहजहां की गिरफ्तारी का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है।

रविवार को तृणमूल कांग्रेस नेता महेश्वर सरदार और गणेश हलदार ने कहा कि उन्होंने बांध बनाने के नाम पर जो पैसे लिए थे, वह वापस करने को तैयार हैं। उन्होंने गांव वालों से पैसे देने वालों की लिस्ट मांगी है। उत्तम सरदार और हाजरा ने बांध बनाने के एवज में गांव वालों से प्रति बीघा 4 हजार रुपये लिए थे। लोगों का आरोप है कि बांध क्या लोगों के पैसे से बनते हैं। सरकार से भी तो पैसे आए होंगे, वह पैसे कहा हैं। कैंप लगाकर लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं।

कुछ लोग तिल का ताड़ बना रहे
ममता सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि संदेशखाली में एक घटना घटी। पहले ईडी को भेजा गया। इसके बाद उनके मित्र भाजपा के लोग घुसे। फिर तिल का ताड़ बनाया गया। मैं अफसरों को भेजूंगी, जिनकी शिकायत हो बताएं। अगर किसी ने कुछ लिया है, तो सब कुछ वापस किया जाएगा।

शिबू हाजरा की पेशी के दौरान चोर चोर के नारे, आठ दिन का रिमांड
पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार शिबू हाजरा को रविवार को कोर्ट में पेश किया। जब पुलिस उसे कोर्ट की ओर ले जा रही थी, वहां उपस्थित लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाए। कोर्ट ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।

पीएम मोदी 7 मार्च को बंगाल में महिला रैली को करेंगे संबोधित
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों पर महिला उत्पीड़ के आरोपों से उपजे राजनीतिक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 मार्च को बारासत में महिला रैली को संबोधित कर सकते हैं। भाजपा नेताओं ने रविवार को कहा कि उत्तर 24-परगना जिले के मुख्यालय में यह रैली अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पूर्व आयोजित की जाएगी। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री 7 मार्च को बारासत का दौरा कर सकते हैं। मजूमदार को पिछले सप्ताह चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। वह संदेशखाली जाते वक्त रोके जाने के बाद पुलिस कर्मियों के साथ झड़प में घायल हो गए थे। संदेशखाली इलाके में बड़ी संख्या में महिलाओं के तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाए जाने के बाद से तनाव व्याप्त है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More