नई दिल्ली: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने 60 हजार रूपए में दक्षिण अफ्रीका का फर्जी वीजा देने के एक मामले में फरार एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 49 वर्षीय संतोष कुमार गुप्ता निवासी कुशीनगर, यूपी के रुप में हुई है। आरोपी संतोष गुप्ता लगभग तीन साल से फरार चल रहा था।
आईजीआई एयरपोर्ट डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि अक्तूबर 2021 में राजकिशोर नामक यात्री आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने जब उसका पासपोर्ट देखा तो उसमें दक्षिण अफ्रीका गणराज्य का फर्जी वीजा लगा हुआ था। इस पर कोई सुरक्षा मानक नहीं थे। मामला दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 60 हजार रुपये लेकर संतोष ने यह वीजा उसके पासपोर्ट पर लगवाया है। वह मजदूरी के लिए दक्षिण अफ्रीका जाना चाहता था। संतोष ने उसका पासपोर्ट लिया और कुछ दिन बाद वीजा लगाकर दे दिया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी की, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। हाल ही में पुलिस को पता चला कि वह कुशीनगर स्थित अपने घर पर है। इस पर टीम ने छापा मारकर उसे कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह कुछ वर्ष पूर्व दुबई में मजदूरी के लिए गया था। लौटने के बाद कई लोग उससे विदेश जाने के लिए संपर्क करते थे। ऐसे लोगों से वह रुपये लेकर उनके पासपोर्ट पर फर्जी वीजा लगवा देता था। आरोपी ने आगे खुलासा किया कि उसने दिल्ली के अपने सहयोगी एजेंट के साथ मिलकर आसानी से पैसा कमाने के लिए लोगों को धोखा देना शुरू कर दिया। आरोपी संतोष के दिल्ली स्थित सहयोगी को पकड़ने के लिए और प्रयास किए जा रहे हैं।
Comments are closed.