आगरा:हाथी घाट पर शनिवार को यमुना में नहाते समय तीन दोस्तों ऋतिक, विष्णु उर्फ सोनू और तुषार के साथ सचिन भी डूबा था।सदर थाना क्षेत्र के नौलक्खा निवासी सचिन, तुषार, ऋतिक, विष्णु उर्फ सोनू, विशाल और पवन शनिवार को मोहल्ले की एक वृद्धा की मौत पर अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। वह ताजगंज श्मशान घाट से हाथी घाट पर पहुंचे। पवन और विशाल पूजा करने के लिए रुक गए, जबकि बाकी दोस्त यमुना में नहाते समय डूब गए।
रविवार को एक बार फिर पुलिस ने तलाश की। सुबह करीब नौ बजे दशहरा घाट पर तुषार का शव मिला। दो घंटे बाद ऋतिक और विष्णु उर्फ सोनू के शव मिले। सचिन का शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर एक गड्ढे में फंसा मिला। एसीपी छत्ता आरके सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए गए।सचिन से उसके मामा राजू बेहद प्यार करते थे। वह सैंया के गांव कुरसंडा निवासी थे। तबीयत खराब रहने की वजह से 15 क्वार्टर, सदर में ही रह रहे थे।
सचिन रोजाना मामा के पास सुबह और शाम आता था। दोनों साथ ही रहते थे। शनिवार को सचिन के यमुना में डूबने पर परिवार में लोग जुटने लगे। यह देखकर राजू परिवार वालों से पूछताछ करने लगे लेकिन किसी ने उन्हें कुछ नहीं बताया। रात करीब 11 बजे उन्हें सचिन के डूबने का पता चला। इस पर वो रोने लगे। रोते-रोते सीने में दर्द हुआ और वह गिर पड़े। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
Comments are closed.