ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान, हाई अलर्ट पर पुलिस

आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा ने सावन के तीसरे सोमवार पर ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने संगठन के पदाधिकारियों को घर में नजरबंद कर दिया। इस संबंध में सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा ताजमहल में रुद्राभिषेक करने के एलान पर यह कार्रवाई की गई है। संगठन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
हिंदूवादी नेताओं को किया नजरबंद 
अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए घोषणा की थी कि वे लोग सोमवार को ताजमहल पर परिक्रमा करने के बाद रुद्राभिषेक करेंगे। इस पर पुलिस सुबह ही पदाधिकारियों के घर पहुंच गई। संगठन की पदाधिकारी मीना दिवाकर और जितेंद्र कुशवाह को घर में नजरबंद किया गया। वहीं, ताजगंज क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अवतार सिंह गिल को भी नजरबंद कर दिया।
ताजमहल से 300 मीटर दूर चढ़ाया जल 
पुलिस दोपहर तक संगठन के पदाधिकारियों को नजरबंद करने में जुटी रही। इस बीच हिंदू महासभा के कई कार्यकर्ता महताब बाग के पास 11 सीढ़ी पर पहुंच गई। यहां संगठन के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल को तेजोमहालय बताकर जलाभिषेक किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More