हिस्ट्रीशीटर की छेड़छाड़ से आहत 13 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या

गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिपराइच इलाके के एक गांव में हिस्ट्रीशीटर की छेड़खानी से परेशान 13 वर्षीय किशोरी ने रविवार सुबह फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटककर जान देने की पुष्टि हुई है। पीएम रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि किशोरी गर्भवती थी।
उधर, किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर अच्छेलाल के खिलाफ नाबालिग को खुदकुशी के लिए उकसाने, छेड़खानी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पहले शिकायत नहीं मिली थी।
किशोरी की मां के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर करीब एक महीने से परेशान कर रहा था। स्कूल आते-जाते छींटाकशी करता था। उसकी हरकतों से बेटी परेशान थी। उसे सब ठीक होने का भरोसा दिलाया और समझाया भी था, लेकिन वह छेड़खानी से त्रस्त और आहत थी। परिवार के सदस्य रविवार को घर से बाहर गए थे। बेटी घर में अकेली थी। इसी बीच फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घर लौटने पर मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के आने पर शव पंखे से उतारा गया।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि किशोरी की फंदे से लटकती लाश मिली है। मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। मौत से पहले पुलिस को छेड़खानी की जानकारी नहीं दी गई थी। मामला अब संज्ञान में आया है। प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More