प्रेमिका ने शादी से किया इंकार तो प्रेमी ने प्रेमिका समेत खुद को गोली से उड़ाया

मेरठ के परीक्षितगढ़ में आज सुबह हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी प्रेमिका की जान ले ली और फिर खुद भी मौत को गले लगा लिया। ग्राम दुर्वेशपुर निवासी महिला मिथिलेश पत्नी धीर सिंह आज सुबह 6:30 बजे गांव के बाहर कचरा डालने गई थी। इसी दौरान उसके गांव निवासी प्रेमी किरण पाल ने उसे गोली मार दी। गोली लगने पर महिला जान बचाकर भागी लेकिन प्रेमी ने उसे दूसरी गोली मार दी।
दूसरी गोली लगते ही प्रेमिका जमीन पर गिर पड़ी और तड़पने लगी। प्रेमी किरण पाल तड़पती प्रेमिका से लिपटकर रोता रहा और इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर मौत को गले लगा लिया। चंद मिनटों में ही दोनों की मौत हो गई। दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी लगते ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

पुलिस ने जताया यह अंदेशा
पुलिस ने अंदेशा जताया है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे लेकिन अब महिला किरण पाल से पीछा छुड़ा रही थी, जिसके विरोध में किरण पाल ने उसे गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों के पांच बच्चे भी हैं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस हालांकि पूरे मामले की जांच कर रही है।

10 साल से थे नजदीकी संबंध
दुर्वेशपुर गांव निवासी धीर सिंह की पत्नी मिथिलेश (44) मजदूरी करती थी। दस साल पहले महिला की दोस्ती गांव निवासी किरण पाल (45) से हो गई। किरण पाल ठेकेदार था। दोनों के बीच दस साल से नजदीकी दोस्ती थी। इसको लेकर कई बार परिवार के लोगों को संदेह भी हुआ लेकिन बदनामी के डर से कोई बोलता नहीं था। दोनों एक ही बिरादरी से हैं। गांव में दोनों के घरों के बीच केवल 400 मीटर की दूरी है।

महिला की दो बेटियां, तो प्रेमी के चार बच्चे
घटना की सूचना पर एसपी देहात केशव कुमार, सीओ सदर देहात पूनम सिरोही और परीक्षितगढ़ पुलिस भी पहुंची। सीओ पूनम सिरोही ने बताया की महिला की दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि महिला के प्रेमी के चार बच्चे हैं। मौके पर फाेरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

गांव में हत्या से फैली दहशत
इस सनसनीखेज वारदात के बारे में जिसने भी जाना और देखा वह हैरान रह गया। गांव के बाहरी छोर पर दोनों के शव एक दूसरे से लिपटे हुए मिले। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में हत्या के बाद से दहशत फैल गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मामले की छानबीन कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More