केदारनाथ में खाई में गिरने से 5 साल के मासूम की मौत

विष्णु कान्त शर्मा

माता पिता के साथ आगरा से हरिद्वार के बाद केदारनाथ गए पांच साल के मासूम की पिट्ठू की कंडी से गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मासूम को पिट्ठू पर बिठाने के बाद मां बाप पीछे रह गए थे। आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी फेज एक बी ब्लॉक के रहने वाले विजय कुमार गुप्ता का पांच साल का बेटा केदरानाथ यात्रा के दौरान गहरी खाई में गिर गया। बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। विजय कुमार गुप्ता ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते हैं। उनकी एक 20 साल की बेटी और पांच साल का बेटा शिवाय था। शिवाय एलकेजी का छात्र था। परिवारीजनों ने बताया कि विजय के रिश्तेदार ने हरिद्वार में भंडारे का कार्यक्रम रखा था। विजय गुप्ता अपने और साढ़ू के परिवार के साथ वहां गए थे। इस कार्यक्रम के बाद वे परिवार सहित वहां से केदारनाथ धाम दर्शन करने के लिए चले गए।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को गौरी कुंड से भीमबली तक घोड़े से यात्रा की। इसके बाद पैदल चलने लगे। उनके बेटे शिवाय को चलने में परेशानी हो रही थी। वह रोने लगा, जिसके बाद उन्होंने  बच्चे के लिए पिट्ठू कर लिया। पिट्ठू की कंडी में बेटे को बैठा दिया। परिवार के लोग पीछे रह गए और पिट्ठू आगे निकल गया। वे पीछे आराम से चले आ रहे थे, तभी कुछ लोगों ने बच्चे के गिरने की सूचना दी। ये सुनकर दंपती के होश उड़ गए। तेजी से जब परिजन आगे पहुंचे तो शिवा और पिट्ठू नहीं मिला। कुछ समय बाद पुलिस ने खाई में  बच्चे का शव मिलने की जानकारी दी। इस पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित घर पर रिश्तेदार और आसपास के लोग ढांढस बंधाने पहुंचे।

विष्णु कान्त शर्मा संवाददाता राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज आगरा

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More