दबंगों ने 15 साल के युवक को मारी गोली, नशे में धुत युवकों को दरवाजे के सामने विवाद करने से मना कर रहा था युवक

लखनऊ में दबंगों ने गुरुवार देर रात 15 साल के लड़के को गोली मार दी। गनीमत रही की गोली पैर में लगी और लड़के की जान बच गई। लड़के की गलती महज इतनी थी कि नशे में धुत युवकों को दरवाजे के सामने विवाद करने से मना कर रहा था। पुलिस शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके तीन साथियों की तलाश चल रही है।
पुलिस के मुताबिक मड़ियांव थानाक्षेत्र के फैजुल्लागंज निवासी रामपाल साहू का परिवार घर के अंदर सो रहा था। रात करीब 1 बजे नशे में धुत चार युवक उनके घर के बाहर आपस मे विवाद करने लगे। इसपर रामपाल और उनका 15 साल का बेटा सुमित बाहर निकले। दोनों ने युवकों को घर के सामने गाली गलौच करने से मना किया। इतने में एक युवक ने तमंचा निकाला और ताबड़तोड़ फायर करने लगा। रामपाल के मुताबिक करीब 10 राउंड फायरिंग हुई जिसमें एक गोली उनके बेटे सुमित के पैर में लग गई।
DCP उत्तरी प्राची सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जयसूर्या उर्फ रोहित निवासी गौरभीट मड़ियांव लखनऊ, हर्षवर्धन सिंह निवासी नंदोपारा थाना रामनगर जिला बाराबंकी, शिवम गुप्ता निवासी गुडम्बा और यार मोहम्मद उर्फ यारू निवासी बड़ा खुदान रहीमनगर डुड़ौली थाना मड़ियांव लखनऊ के रूप में हुई है। रामपाल की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जयसूर्या उर्फ रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More