महिला SO और दरोगा को सैनिक से रिश्वत लेना पड़ा महंगा, सिविल लाइन थाने में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज

मेरठ के महिला थाने की SO मोनिका जिंदल और महिला दरोगा रितु काजला को भ्रष्टाचार के मामले में SSP प्रभाकर चौधरी ने सस्पेंड कर दिया है। रविवार देर रात दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में भ्रष्टाचार का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। इसके बाद दोनों पर जेल जाने की तलवार भी लटक रही है।
FIR दर्ज होने के बाद मोनिका जिंदल और दरोगा रितु काजला फरार हो गईं हैं। इस मामले में SP सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि SSP प्रभाकर चौधरी के आदेश पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
4 मई को SSP से की गई थी शिकायत
मेरठ के महिला थाने में मार्च 2022 में एक सैनिक के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया गया था। वह मेरठ के एक थाने में तैनात होमगार्ड का रिश्तेदार है। उसने 4 मई को SO मोनिका जिंदल और महिला दरोगा रितु काजला के खिलाफ SSP प्रभाकर चौधरी से शिकायत की थी। दोनों पर आरोप लगाया कि रेप के केस से उनका नाम निकालने के लिए एक हफ्ते पहले एक लाख रुपए की रिश्वत ली गई थी।
जो केस दर्ज था उस केस की विवेचना महिला थाने से की जा रही थी। उनका आरोप है कि महिला थाने की SO मोनिका जिंदल ने पीड़ित से कहा कि एक लाख रुपए देने पर पूरी मदद कर देंगे। जो भी अभियुक्त हैं उसका नाम केस से निकाल दिया जाएगा। पीड़ित ने एक लाख रुपए लेने की वीडियो भी SSP को भेजी थी। जिसके बाद इस संबंध में SSP ने महिला SO और दरोगा के खिलाफ जांच बिठाई थी।
SP देहात केशव कुमार ने की थी जांच
SSP प्रभाकर चौधरी के आदेश पर इस मामले की जांच SP देहात केशव कुमार ने की। जांच में पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्य सही पाए गए। इसके बाद रविवार शाम SSP मेरठ प्रभाकर चौधरी ने महिला SO मोनिका जिंदल और दरोगा रितु काजला को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए।
2015 बैच की सब इंस्पेक्टर हैं मोनिका जिंदल
मोनिका जिंदल 2015 बैच की सब इंस्पेक्टर हैं। उनके पति भी STF मेरठ में सब इंस्पेक्टर हैं। मोनिका 3 साल पहले सहारनपुर से ट्रांसफर होकर मेरठ आईं थी। इससे पहले वह मेरठ में परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी रहीं।पांच महीने पहले ही उन्हें महिला थाने का SO बनाया गया था। थाना प्रभारी के पद पर ये उनका पहला चार्ज था। पहले ही चार्ज में वह भ्रष्टाचार में घिर गईं और कुर्सी गंवा बैठी। अब उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More