लखनऊ के कई पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल ख़तम, एडवांस पैसे नहीं मिलने पर कंपनियों ने तेल देने से किया इनकार

लखनऊ में कई पंपों पर पेट्रोल की किल्लत शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि आयल कंपनियां बिना एडवांस पैसा लिए पेट्रोल पंप मालिकों को सप्लाई नहीं दे रही है। पहले यह समस्या नहीं आ रही थी, लेकिन अब बिना एडवांस लिए तेल नहीं मिल रहा है।
लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य कमलेश सिंह ने बताया कि जब से पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, तेल मिलना कम हो गया है। कई बार बैंक बंद रहने या आरटीजीएस करने में तकनीकी समस्या आ जाती है। पैसा कंपनी के पास नहीं पहुंचता है। पहले ऐसी दिक्कत आती थी तो भी कंपनियां पेट्रोल देती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। जबकि डिमांड इतनी है कि एक दिन में ही तेल खत्म हो जाता है। ऐसे में एक दिन की देरी में भी लोगों की समस्या बढ़ जाती है।
सीतापुर हाईवे पर 10 पंपों पर पेट्रोल नहीं
लखनऊ में सीतापुर हाईवे पर शुक्रवार को यह समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिली। यहां करीब 10 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर डीजल तो उपलब्ध थे, लेकिन पेट्रोल नहीं मिल पा रहा था। इसकी वजह से कई लोगों को समस्या झेलनी पड़ी।
कमलेश सिंह ने बताया कि रिलायंस के जो पेट्रोल पंप हैं वहां पेट्रोल नहीं मिल रहा है। उसको बंद कर दिया गया है। लखनऊ में अयोध्या हाईवे पर रिलायंस का पेट्रोल पंप है, वहां तेल नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एसआर के पेट्रोल पंप पर भी यही समस्या आ रही है।
पेट्रोल पंप डीलर को एक दिन बाद तेल मंगाने के लिए 20 से 60 लाख तक का पेमेंट करना होता है। होली के बाद बैंक बंद होने के बाद यह समस्या ज्यादा आ गई। त्योहार के दिनों में डिमांड कम होने से पेट्रोल की समस्या नहीं आई, लेकिन अब डिमांड ज्यादा हो गई है। ऐसे में ज्यादातर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कमी आने लगी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More