पंजाब – कैप्टन अमरिंदर ने जारी की 22 उम्वीद्वारों की लिस्ट

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का एलान होना शुरू हो गया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ राजनीतिक नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। पढ़िए राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स…

दो दिन में दूसरी सूची भी होगी जारी
पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘हम पहली सूची में 22 उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं, 22 उम्मीदवारों में 2 माझा से, 3 दोआबा से और 17 मालवा क्षेत्र से हैं। दूसरी सूची दो दिन में जारी होने की संभावना है।

कैप्टन अमरिंदर ने जारी की प्रत्याशियों की सूची
कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस यानी पीएलसी ने 22 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया। पीएलसी 38 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पहली बार अमरिंदर कांग्रेस छोड़ कर चुनाव लड़ रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि अभी वह 22 उम्मीदवारों का एलान कर रहे हैं। अन्य सीटों पर भी जल्द ही प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।

इन सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
अमृतसर : राजासांसी, अमृतसर साउथ, जंडियाला, अजनाला
एसबीएस नगर : नवांशहर
मानसा : बुडलाढ़ा, मानसा
बठिंडा : रामपुरा फूल, बठिंडा अर्बन, बठिंडा रूरल
मोगा : धर्मकोट और निहाल सिंह वाला
कपूरथला : भुलत्थ
तरनतारन : खडूर साहिब, पट्टी
लुधियाना : दाखा, लुधियाना साउथ, आत्मनगर, लुधियाना ईस्ट
पटियाला : पटियाला, सनौर, समाना, शुतराणा, पटियाला रूरल
बरनाला : भदौड़, महलकलां
मलेरकोटला : मालेरकोटला, अमरगढ़
गुरदासपुर : फतेहगढ़ चूड़ियां
जालंधर : नकोदर, आदमपुर
फिरोजपुर : फिरोजपुर रूरल, जीरा
फरीदकोट : कोटकपूरा
फतेहगढ़ साहिब : बस्सी पठाना
मोहाली : खरड़
मुक्तसर : गिद्दड़बाहा, मलोट

केजरीवाल का नया दावा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के घर ईडी की रेड पड़ने वाली है। लेकिन हम डरेंगे नहीं। केंद्र की एजेंसियां कई बार इस तरह की रेड कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। इस बार भी हम उनका स्वागत कर रहे हैं। केवल सत्येंद्र ही नहीं, भाजपा के लोग मनीष सिसोदिया, भगवंत मान सिंह के यहां भी छापेमारी करवा सकते हैं। हम हंसते हुए उनका स्वागत करेंगे। हम पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी जी की तरह रोएंगे नहीं। वह इसलिए रोने लगे थे, क्योंकि उनकी गलतियां पकड़ में आ गई थीं। लोगों ने देखा कि किस तरह से चन्नी जी के करीबियों के यहां नोट मिले।

शिवसेना सांसद का भाजपा पर निशाना
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर और पूर्व मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत परसेकर के पार्टी छोड़ने पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, भाजपा ने अपना नया रूप बना लिया है। अब इस पार्टी में केवल ड्रग और भू माफियाओं के लिए जगह है। राउत ने दावा किया कि इस बार गोवा चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिल पाएगी।

दिल्ली हिंसा के आरोपी लक्खा सिधाना को किसान संगठन ने दिया टिकट
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए किसानों के संगठन संयुक्त समाज मोर्चा ने 35 उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी कर दी है। इसमें सबसे चौंकाने वाला नाम है मौड़ से घोषित उम्मीदवार लक्खा सिधाना का। लक्खा सिधाना का नाम पिछले साल 26 जनवरी को दिल्ली में लाल किले पर हुई हिंसा में उठा था। लक्खा सिधाना पर लाल किले पर हिंसा भड़काने का आरोप था। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी रखा था। इसके बाद सिधाना फरार हो गया था।

कैप्टन अमरिंदर ने चन्नी पर लगाया बड़ा आरोप
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चन्नी अपने क्षेत्र में तैनात एक महिला आईएएस अफसर को फोन करके परेशान करते थे। मेरे कहने पर चन्नी ने उनसे माफी मांगी थी।

कैप्टन ने कहा, ‘जब मैं मुख्यमंत्री था तो मुझसे एक आईएएस पति-पत्नी आए। दोनों अफसर थे। मैंने उनसे मुलाकात की तो महिला आईएएस ने बताया कि वह रोपड़ की एसडीएम हैं। चन्नी उन्हें रात में एक-दो बजे फोन करके रोज परेशान करते हैं। मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती हूं। मैंने कहा कि ये तो बहुत बुरी बात है। मैंने अगले दिन चन्नी को बुलाकर ये पूछा कि तुम ये ऑफिसर्स के साथ करते हो? इसपर पहले तो वह नकार गए… लेकिन बाद में मेरे से बोले कि गलती हो गई। तब मैंने कहा कि पहले जाओ… उस महिला आईएएस से माफी मांगकर आओ, अगर वो माफ कर देती हैं तो ठीक है। नहीं तो मैं एक्शन लूंगा।’

कैप्टन अमरिंदर ने 22 उम्मीदवारों का एलान किया, पंजाब में इन 38 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पीएलसी

कांग्रेस ने जारी की 53 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने 53 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। नई दिल्ली में शनिवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। घोषित सूची में पार्टी के सभी नौ सिटिंग विधायकों को जगह दी गई है। खटीमा सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ पार्टी ने भुवन चंद्र कापड़ी को मैदान में उतारा है। पहली सूची में तीन महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More