झगड़ा सुलझाने पहुंचे सिपाही का विवाहित दंपत्ति ने काटा कान, 12 पर FIR दर्ज

लखनऊ में दो गुटों के बीच हुए झगड़े को निपटाने पहुंचे एक सिपाही को भारी पड़ा। झगड़े के बीच पति-पत्नी सिपाही का कान चबा गए। आरोपी दंपति ने बेरहमी से उसका कान दांत से काटकर अलग कर दिया। इतना ही नहीं, सिपाही को पटककर पीटा भी। साथी होमगार्ड बार-बार थाने पर फोन लगाता रहा, लेकिन थाने से फोर्स नहीं पहुंची। सिपाही मारपीट की सूचना पर टीम के साथ पहुंचा था। पीड़ित सिपाही की तहरीर पर दंपति सहित 12 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

यूपी-112 पर बुधवार रात ठाकुरगंज के हुसैनबाड़ी में मारपीट की सूचना मिली थी। इस पर नजदीक में तैनात पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) का सिपाही राहुल कुमार श्रीवास्तव अपने हमराही होमगार्ड नितिन त्रिपाठी के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। पीड़ित सिपाही के मुताबिक, वहां दो पक्ष आपस में मारपीट कर रहे थे। उसने रोकने का प्रयास किया तो दोनों झगड़ा छोड़कर उसके ऊपर हमलावर हो गए।

दोनों तरफ से 10 से ज्यादा लोग जुटे थे

सिपाही के साथ गए होमगार्ड नितिन ने बताया कि कमलेश यादव और उसकी पत्नी नीतू का दूसरे पक्ष के शैलेंद्र सिंह से झगड़ा हो रहा था। दोनों तरफ से 10 से ज्यादा लोग जुटे थे। इसी बीच कमलेश धारदार हथियार लेकर निकला तो सिपाही राहुल ने फुर्ती से उसका हाथ पकड़कर हथियार छीन लिया और दूर फेंक दिया। इस पर कमलेश और उसकी पत्नी नीतू ने सिपाही राहुल को पटक दिया। उसके गिरते ही दोनों पक्ष उसे पीटने लगे। इसी दौरान दंपति ने सिपाही का कान दांत से काटकर अलग कर दिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More