पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पार, पेट्रोल पंप पर लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर गांधीगिरी के जरिए जताया विरोध

पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पार होने पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने पेट्रोल पंप पर लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर गांधीगिरी के जरिए विरोध जताया। सपा नेताओं ने लोगों को फूल देते हुए कहा कि यह है भाजपा के महंगाई वाले अच्छे दिन।

लोगों को भेंट किया फूल

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पहुंच गई है। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर भी 900 रुपए का हो गया है। विपक्ष ने बढ़ती महंगाई को मुद्दा बनाया है। इसको लेकर शुक्रवार को आगरा में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता राजपुर चुंगी स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। यहां पर पेट्रोल भरवाने आए लोगों को उन्होंने गुलाब का फूल भेंट किया।

सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहाकि आज महंगाई से आम आदमी बुरी तरह परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, सरसों का तेल, दाल-चावल सहित ऐसी कोई वस्तु नहीं है जो महंगी न हुई हो। गरीब तबके के सामने रोजी-रोटी की समस्या है। परेशान होकर लोग आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को डिप्रेशन से बाहर निकालने के लिए उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया है। जनता को भरोसा दिलाया है कि 2022 में प्रदेश में सपा सरकार बनने पर महंगाई से राहत दिलाई जाएगी।

जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने कहाकि भाजपा सरकार में अगर जरा सी नैतिकता बची है तो उन्हें तुरंत टैक्स में कटौती करते हुए गरीब जनता को राहत देनी चाहिए। सरकार के जीएसटी, नोट बंदी जैसे कदम से महंगाई कम होने के बजाए बढ़ी है। कोरोना काल में लाखों लोग बेरोजगार हो गए। सरकार को आम जनता के बारे में सोचना चाहिए। इस दौरान सौरभ गुप्ता, गौरव यादव आदि उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More