बेहोश होकर गिरे पूर्व मुख्यमंत्री स्व० कल्याण सिंह के पुत्र सांसद राजवीर सिंह

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्व० कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रविवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की शाम उनकी पार्थिव देह राजकीय सम्मान के साथ शहर के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम लाई गई। इस बीच कल्याण सिंह के पुत्र व एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया स्टेडियम में अचानक चक्कर आने से गिर गए। उनके हाथ के बायीं कोहनी में फ्रैक्चर हो गया है। स्टेडियम में कल्याण सिंह की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी गई है। इसके चलते यहां अब तक भीड़ लगी हुई है।

अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री स्व० कल्याण सिंह की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां पर मुख्यमंत्री व अन्य लोगों के लिए सेफ हाउस बनाया गया है। राजवीर सिंह व परिवार के अन्य सदस्य भी स्टेडियम में थे। शाम करीब सात बजे राजवीर सिंह वाशरूम की तरफ गए। यहां वे अचानक लड़खड़ाने लगे। इससे उनका जूता रैंप से फिसल गया और वह गिर पड़े। स्टेडियम में ही मौजूद वरुण हास्पिटल के निदेशक डा. संजय भार्गव तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्हें वरुण हास्पिटल में भर्ती कराया। डा. संजय भार्गव ने बताया कि नींद पूरी न होने और थकान के कारण उनका शुगर लेवल कम हो गया। इससे उन्हें चक्कर आया और गिर गए। बायें हाथ का एक्स-रे कराया गया है, उनकी कोहनी में हल्का फ्रैक्चर है। अब शुगर लेवल ठीक है। बीपी नार्मल है। उन्हें घर भेज दिया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व० कल्याण सिंह की पार्थिव देह लखनऊ से अलीगढ़ एयर एंबुलेंस से लाई गई। सीएम योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी इनके साथ दूसरे विमान से अलीगढ़ पहुंचे। ये सभी शाम साढ़े चार बजे जैसे धनीपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो कल्याण सिंह अमर रहे के नारे गूंजने लगे। यहां से काफिले के रूप में अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम पहुंचे। 10 किमी की इस यात्रा में करीब एक घंटा का समय लगा। रास्ते में हर कोई बाबू जी के दर्शन के लिए बेचैन था। जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई। पौने छह बजे काफिला स्टेडियम पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग बाबू जी के अंतिम दर्शन के लिए मौजूद थे। रात तक यहां पर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला चलता रहा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More