मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना, कलयुगी बेटे बहू ने बुजुर्ग दिव्यांग मां को जंगल में ले जाकर छोड़ा

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कपूत ने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। बेटे-बहू ने बुजुर्ग दिव्यांग मां को जंगल में ले जाकर भूखा-प्यासा मरने के लिए छोड़ दिया। मंगलवार शाम बुजुर्ग राम लाल वृद्धाश्रम के कार्यकर्ताओं को महिला जंगल में पड़ी मिली।

आश्रम ले जाकर महिला को खाना खिलाया। फिर महिला ने जब अपना दर्द बयान किया तो लोग भावुक हो उठे। बुजुर्ग ने कहा, ‘पति से लड़कर अपने दो बेटों को काबिल बनाया। कई बार भूखा भी रहना पड़ा। फटे कपड़े भी पहने। लेकिन दवा दिलाने के बहाने छोटे बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर मां को जंगल में लाकर छोड़ दिया’।

बुजुर्ग महिला बोली- पेट काट कर पाला, आज मरने के लिए छोड़ा

मामला थाना सिकंदरा अंतर्गत कैलाश मंदिर के पास का है। यहां स्थित जंगल में राम लाल वृद्धाश्रम के लोगों को एक 70 साल की दिव्यांग बुजुर्ग महिला जमीन पर कराहती हुई मिली। पूछताछ पर बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके बहू-बेटे खुद उसे जंगलों में मरने के लिए छोड़ गए हैं। राम लाल वृद्धाश्रम के कार्यकर्ता बुजुर्ग दिव्यांग महिला को आश्रम ले गए। भोजन और दवाओं की व्यवस्था कराकर रहने का स्थान दिया।

बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसका नाम महादेवी है और वो राजामंडी क्षेत्र की निवासी है। उनके पति स्व. अर्जुन सिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे हैं। एक बेटा दिल्ली में है और दूसरा बेटा जितेंद्र आगरा में प्राइवेट नौकरी करता है। बुजुर्ग दिव्यांग महिला ने बताया कि पति से लड़कर बच्चों को पढ़ाया। कई रातें बिना अन्न के गुजार दीं और फटे कपड़े पहन कर भी बच्चों को जीवन जीने के लायक बनाया। आज वे ही कपूत दिव्यांग मां को जंगल में छोड़ गए।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More