फर्रुखाबाद : भाजपा विधायक के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग

फर्रुखाबाद जिले में भाजपा विधायक के घर के सामने दो कार सवार लोगों ने एक दूसरे पर एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। विधायक के दरवाजे पर खड़ी भाजपा नेता की कार का शीशा टूट गया। घटना के बाद कार सवार भाग गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां दो बुलेट व आधा दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे मिले हैं। फतेहगढ़ के जय नारायण वर्मा रोड निवासी भोजपुर से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के आवास के सामने बुधवार रात करीब सवा आठ बजे दो कार सवार लोगों में विवाद हो गया।

इस पर दोनों कारों में सवार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विधायक के घर आए भाजपा नेता विमल कटियार की कार का शीशा टूट गया। फायरिंग के बाद कार सवार भाग गए।

सूचना पर एएसपी अजय प्रताप, सीओ नितेश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर दो बुलेट व आधा दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे मिले। पुलिस को लोगों ने बताया कि रखा की ओर से एक ब्रेजा कार आई और विधायक के घर के सामने ब्रेकर पर रुक गई।

पीछे से फार्च्यूनर कार आई। दोनों कार सवारों में कहासुनी होने लगी और कुछ ही देर में फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से फार्च्यूनर का शीशा टूट गया। इसके बाद दोनों कारें आंबेडकर तिराहे की की ओर चली गईं। 12-14 फायर दोनों ओर से हुए हैं।

पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर कार सवारों के बारे जानने के प्रयास में जुुटी है। एएसपी ने विधायक से जानकारी की और उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसमें सड़क की तस्वीर नहीं दिखी।

भाजपा नेता विमल कटियार ने बताया कि कार में वह नहीं थे। इसलिए वह बच गए। एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि युवकों के दो गुटों में कार रेस को लेकर विवाद हुआ। उसी के बाद फायरिंग हुई है। एक कार में सपा का झंडा लगा होने की बात पर बताया कि यह जांच का विषय है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More