अब चीन से होगा बर्ड फ्लू का विस्फोट? पहली बार इंसान में मिला वायरस का एच10N3 स्ट्रेन

आर जे न्यूज़

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने मंगलवार को जानकारी दी कि देश के जिआंगसू प्रांत में एच10N3 बर्ड फ्लू का पहला मानव संक्रमण मामला सामने आया है। इसका मतलब यह है कि एच10N3 बर्ड फ्लू का संक्रमण पहली बार किसी इंसान में पाया गया है। ये संक्रमण एक पुरुष में पाया गया है।

जिआंगसू प्रांत के झेनजियांग शहर में एक 41 वर्षीय पुरुष में यह वर्ड फ्लू का संक्रमण देखा गया है। ऐसा माना जा रहा है कि मुर्गी पालन से यह बर्ड फ्लू फैला है और बड़े स्तर पर इसके फैलने का खतरा काफी कम है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लिखे गए एक बयान के आधार पर यह जानकारी सामने आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि दुनिया में अभी तक एच10N3 बर्ड फ्लू का मानव संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

आयोग ने जानकारी दी कि 28 अप्रैल को शख्स को अस्पताल में भर्ती किया गया था। शख्स में बुखार और अन्य लक्षण देखे गए थे। एक महीने बाद यानी 28 मई को शख्स में एच10N3 बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। हालांकि आयोग का कहना है कि इस वायरस का खतरा अभी उतना नहीं है।

वहीं पीड़ित शख्स की स्थिति अभी सामान्य है और जल्द ही उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। वहीं शख्स के संपर्क में आए लोगों में ये संक्रमण नहीं पाया गया है। बता दें कि चीन में एवियन इंफ्लूएंजा के कई स्ट्रेन मौजूद हैं और इनमें से कुछ इंसानों को भी संक्रमित कर चुके हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More