भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को फोन पर जान से मारने की धमकी, व्हाट्सएप पर गाली-गलौज और अश्लील वीडियो भी भेजे

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्हाट्सएप पर गाली-गलौज और अश्लील वीडियो भी भेजे जा रहे हैं। रंगदारी नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है।

भाकियू के जिला प्रभारी गाजियाबाद की ओर से कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाकियू के गाजियाबाद जिला प्रभारी जय कुमार मलिक की ओर से कौशांबी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मोबाइल पर अलग अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे हैं।

साथ ही व्हाट्सएप पर गाली गलौज और अश्लील वीडियो भेजे जा रहे हैं। उनका कहना है कि संभवत: ये अश्लील वीडियो तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बनाए गए हैं। कई बार इसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन लगातार कॉल कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके साथ ही आरोप 11 हजार रुपये की रंगदारी भी मांग रहा है।

रंगदारी नहीं देने पर व्हाट्सएप पर भेजे गए अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा है। जय कुमार की ओर से कौशांबी थाने में बृहस्पतिवार शाम को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नंबरों के आधार पर सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More