पोलिंग पार्टियाँ रवाना कर डी.एम. व एस.पी. ने दिए सावधानी बरतने के निर्देश

रा.ज.फर्रूखाबाद :- त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में गुरूवार को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन भारी कोरोना के संकट काल में भी लगा हुआ है। इसके तहत जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, एस.पी. अशोक कुमार मीणा व सी.डी.ओ. एम. अरून्मोली ने विभिन्न केन्द्रों से ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों को पोलिंग के लिए रवाना किया।

इस दौरान अधिकारियों ने पोलिंग ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों को कोरोना गाइड लाइन से विस्तार से अवगत कराया और अपनी सुरक्षा व दूसरों की सहायता के लिये आवश्यक निर्देेश दिये। डी.एम. ने कहा कि संकट काल में जब युद्ध जीता जाता है। वह जीत और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। मौसम की मार, उसके ऊपर वायरस का हमला कर्मचारियों द्वारा की जा रही अथक मेहनत और खानपान में परिवर्तन सभी कुछ तो विपरीत है। ऐसे में जो कर्मचारी ड्यूटी पर हैं, वे कर्मचारी खुद को अर्जुन समझें, और पूरे मनोबल के साथ वायरस रूपी कौरव सेना का विनाश कर दें। वहीं एस.पी. ने सुरक्षा सम्बन्धी आवश्यक निर्देशों का पालन करने की बात कही और कहा कि जहाॅं पर भी थोड़ी सी भी गड़बड़ी की संभावना दिखायी दे, तो तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करें।

मुख्य विकास अधिकारी व सी.एम.ओं. ने साथ में रहकर कर्मचारियों को सुरक्षा की सलाह दी और उन्हें ड्यूटी के लिए रवाना किया।
कमालगंज के आर.पी. डिग्री काॅलेज पहुॅंचकर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सी.डी.ओ. ने कर्मचारियों को कोरोना की गाइड लाइन का पालन करने की हिदायत दी और ड्यूटी के लिए रवाना कर दिया।

मालूम हो कि 29 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतदान होना है और 02 मई को वोटों की गिनती होगी।इसी के साथ ही जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ श्रीमती कलावती आई.टी.आई. काॅलेज ब्लाॅक राजेपुर एवं क्रिश्चियन इण्टर काॅलेज बढ़पुर में बनाए गए पंचायत चुनाव पार्टी रवाना स्थल, स्ट्राॅग रुम का स्थलीय निरीक्षण कर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि 02 बजे के बाद पोलिंग पार्टियों को रवाना करना शुरू कर दिया जाए। यदि किसी कर्मचारी का स्वास्थ्य खराब होता है तो तत्काल उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

फर्रुखाबाद से विक्रान्त सिन्हा की रिपोर्ट।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More